Arijit Singh के संन्यास की खबर पर Suspense, अनवेरिफाइड अकाउंट से आया दावा
नई दिल्ली। मशहूर गायक Arijit Singh को लेकर सोशल मीडिया पर संन्यास की खबरें चर्चा में हैं। एक अनवेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किए गए संदेश में दावा किया गया कि 38 वर्षीय गायक अब नए प्लेबैक असाइनमेंट नहीं लेंगे और अपने निजी संगीत पर फोकस करेंगे।
इस संदेश में यह भी कहा गया कि ‘तुम ही हो’ जैसे सुपरहिट गानों और शाहरुख खान की फिल्मों के लिए अपनी आवाज़ देने वाले अरिजीत सिंह अब फिल्मों के लिए गाने से दूरी बना सकते हैं। हालांकि, अब तक इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अरिजीत सिंह के वेरिफाइड सोशल मीडिया अकाउंट्स पर इस संबंध में कोई पोस्ट या बयान सामने नहीं आया है।
बताया जा रहा है कि जिस पोस्ट से यह चर्चा शुरू हुई, उसे शुरुआत में सीमित व्यूज़ मिले थे, लेकिन स्क्रीनशॉट्स के ज़रिये यह तेजी से वायरल हो गई। इसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई।
कई प्रशंसकों ने बॉलीवुड में अरिजीत सिंह की आवाज़ के बिना भविष्य को लेकर चिंता जताई है, तो वहीं कुछ लोग उम्मीद जता रहे हैं कि वह आगे चलकर संगीत निर्देशन या स्वतंत्र म्यूज़िक प्रोजेक्ट्स पर काम कर सकते हैं। इसी बीच, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैंस उनके क्लासिक गानों की ट्रिब्यूट प्लेलिस्ट भी साझा कर रहे हैं।
फिलहाल, जब तक खुद अरिजीत सिंह या उनकी टीम की ओर से आधिकारिक बयान नहीं आता, तब तक इन खबरों को अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है।







