इंदौर में न्यू बर्ग कॉलोनी खण्डवा रोड इलाके में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा की चौथी मंजिल से रहस्यमय परिस्थितियों में नीचे गिरने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की  जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, मृतका का नाम अवंतिका पिता डॉ. बंशीलाल मोर्य(21) है। अवंतिका यहाँ न्यू बर्ग कॉलोनी स्थित एक निजी बिल्डिंग की पहली मंजिल पर किराए का फ्लैट लेकर अपनी बड़ी बहन के साथ रह रही थी। गुरुवार रात करीब ११:३० बजे अवंतिका मोबाइल पर किसी से बात करते हुए अपने फ्लैट की बालकनी में टहल रही थी। इसके बाद वह बात करते-करते ही सीढ़ियों से ऊपर चौथी मंजिल पर चली गई।चौथी मंजिल पर पहुँचने के कुछ ही देर बाद अवंतिका अचानक संदिग्धपरिस्थितियों में सीधे नीचे कंक्रीट के फर्श पर आ गिरी। भारी आवाज और चीख सुनकर बिल्डिंग के अन्य रहवासी तुरंत फ्लैटों से बाहर दौड़े और नीचे लहूलुहान हालत में पड़ी अवंतिका को देखकर उसके परिजनों को सूचित किया। घटना के वक्त मृतका के पिता डॉ. बंशीलाल मोर्य भी फ्लैट के भीतर ही मौजूद थे।वे धार जिले के रहने वाले हैं और इन दिनों एमवाय अस्पताल में ट्रेनिंग के सिलसिले में इंदौर आए हुए थेपरिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल अवंतिका को जूपिटर अस्पताल पहुँचाया।वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद हालत बेहद नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे तुरंत एमवाय अस्पताल रेफर कर दिया।अस्पताल में जीवन और मौत के बीच जूझते हुए शुक्रवार सुबह करीब ५:०० बजे अवंतिका ने अंतिम सांस ली। पिता ने पुलिस को बताया कि अवंतिका किन परिस्थितियों में ऊपर से गिरी और उस समय मोबाइल पर किससे बात कर रही थी, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है वही मृतिका नीट की तैयारी कर रही थी उसके कारण वह डिप्रेशन में भी थी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह केवल एक पैर फिसलने का हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य मानसिक तनाव या कारण है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मामले की तह तक पहुँचने के लिए मृतका के मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड  खंगालने के साथ-साथ घटनास्थल के हालातों की बारीकी से तफ्तीश कर रही है।