राजस्थान में मौसम ने करवट ले ली है.. और आने वाले दिनों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना जताई जा रही  है। मौसम विभाग के मुताबिक 19 जून को प्रदेश के 35 जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है, जिसको देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अलवर, भरतपुर, दौसा, सीकर, कोटा, जयपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी रहने की संभावना है.. अगले चार दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। विभाग ने 20 और 21 जून के लिए भी कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। 22 जून को भी कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश की संभावना बनी रह सकती है मौसम विभाग का कहना है कि 18 से 22 जून तक प्रदेश के कई संभागों में सक्रिय मौसम प्रणाली का असर रहेगा। जयपुर, अजमेर, उदयपुर, भरतपुर, कोटा, बीकानेर और जोधपुर संभागों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि 23 और 24 जून को मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों में राजस्थान के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। उदयपुर, सिरोही, राजसमंद, डूंगरपुर और चित्तौड़गढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई है। कुछ जगहों पर 8 सेमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बारिश से कई इलाकों में तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आगामी दिनों में वज्रपात की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतना जरूरी है। किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें। कुल मिलाकर राजस्थान में मानसून पूर्व की गतिविधियां तेज हो गई हैं और आने वाले दिनों में बारिश का असर और बढ़ने की संभावना है।