16 जून को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी
देश में एक बार मौसम पलटी मारने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 16 जून को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय, तमिलनाडु और केरल समेत कुल 19 राज्यों में मौसम का कहर देखने को मिल सकता है। कई इलाकों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति बाधित होने और जनजीवन प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग का कहना है की उत्तरी हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के साथ-साथ पूर्वी उत्तर प्रदेश में निचले क्षोभमंडल स्तर पर सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके चलते मौसम में यह बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। पूर्वी राज्यों में तेज आंधी और वज्रपात के कारण फसलों को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि कई इलाकों में भारी बारिश से जलभराव की स्थिति भी बन सकती है। पहाड़ी राज्यों में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से किसानों, मछुआरों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के मुताबिक खराब मौसम के दौरान नदी, तालाब और खुले मैदानों से दूर रहें तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। आने वाले 24 घंटे कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं, इसलिए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गयी है.....






