राजस्थान-गुजरात को मिलेगी बड़ी रेल सौगात
राजस्थान और गुजरात के लाखों रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आयी है.... आपको बता दे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जल्द ही साबरमती (अहमदाबाद) से बीकानेर (लालगढ़) के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह नई रेल सेवा दोनों राज्यों के बीच सीधा, तेज और सुविधाजनक संपर्क स्थापित करने वाली साबित होगी , जिससे यात्रियों को सफर में काफी राहत मिलेगी। करीब 740 किलोमीटर लंबी यह ट्रेन गुजरात के अहमदाबाद, महेसाणा, पाटन और बनासकांठा जिलों के साथ राजस्थान के जालौर, बालोतरा, जोधपुर, नागौर और बीकानेर को जोड़ेगी। ट्रेन के प्रमुख ठहराव साबरमती, महेसाणा, पाटन, भीलड़ी, धानेरा, रानीवाड़ा, जालौर, समदड़ी, लूणी, जोधपुर, मेड़ता रोड, नागौर, नोखा, बीकानेर और लालगढ़ सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर होंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन के शुरू होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और पर्यटकों को सीधा लाभ मिलेगा। खासकर पश्चिमी राजस्थान और उत्तर गुजरात के लोगों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी का फायदा मिलने की संभावना है. इसके अलावा गुजरात के साबरमती रिवरफ्रंट, मोढेरा सूर्य मंदिर, रानी की वाव और अहमदाबाद के ऐतिहासिक स्थलों तक पहुंचना पहले से ओर भी ज्यादा आसान होगा, वहीं राजस्थान आने वाले पर्यटक बीकानेर के जूनागढ़ किले, करणी माता मंदिर, लालगढ़ पैलेस और मरुस्थलीय पर्यटन स्थलों का आसानी से भ्रमण करना आसान होगा नई रेल सेवा से दोनों राज्यों के बीच व्यापारिक गतिविधियों, आर्थिक संबंधों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति मिलने की उम्मीद है। रेलवे लगातार राजस्थान में रेल नेटवर्क को मजबूत करने पर काम कर रहा है। हाल ही में जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को 20 कोचों के साथ संचालित करने, साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार जैसलमेर तक करने और भुज-जालोर-पाली-दिल्ली रेल सेवा शुरू करने जैसी घोषणाएं भी सामने आयी हैं। ऐसे में साबरमती-बीकानेर एक्सप्रेस पश्चिमी राजस्थान और गुजरात के यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण रेल सेवा साबित होगी।