G7 In France: मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच फ्रांस एक बार फिर वैश्विक कूटनीति का केंद्र बनने जा रहा है। फ्रांस में आयोजित होने वाले G7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की संभावित मुलाकात पर दुनियाभर की नजरें टिकी हुई हैं। दोनों नेताओं के बीच 17 जून को द्विपक्षीय वार्ता होने की संभावना जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सोमवार सुबह व्हाइट हाउस से रवाना होंगे। अमेरिका में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वह फ्रांस के एवियन-लेस-बैंस पहुंचेंगे, जहां G7 देशों के शीर्ष नेताओं का जमावड़ा होगा। इस सम्मेलन में वैश्विक अर्थव्यवस्था, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), सप्लाई चेन, ऊर्जा सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के नेताओं से मुलाकात करेंगे। माना जा रहा है कि मोदी और ट्रंप की बैठक में भारत-अमेरिका रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, रक्षा सहयोग, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र की स्थिति और मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषय प्रमुख रह सकते हैं।
