सांवलियाजी- मेवाड़ के सुप्रसिद्ध कृष्णधाम सांवलियाजी में भगवान श्री सांवलिया सेठ का दो दिवसीय मासिक मेला रविवार को प्रारंभ हुआ। ज्ञात हो की प्रतिमाह कृष्णपक्ष की चतुर्दशी तथा अमावस्या को भगवान श्री सांवलिया सेठ का दो दिवसीय मासिक मेला आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में रविवार को कृष्णपक्ष चतुर्दशी के पावन पर्व पर भगवान श्री सांवलिया सेठ का दो दिवसीय मासिक मेला शुरू हुआ।कड़ी सुरक्षा के बीच खोला भगवान श्री सांवलिया सेठ का भंडार........रविवार को कृष्णपक्ष चतुर्दशी के पावन पर्व पर भगवान श्री सांवलिया सेठ का भंडार खोला गया। मंदिर मंडल की परंपरा के अनुसार प्रतिमाह कृष्णपक्ष की चतुर्दशी को ठाकुरजी का भंडार खोला जाता है। इसी क्रम में रविवार को ठाकुरजी की राजभोग की आरती के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच ठाकुरजी का भंडार खोला गया। ठाकुर जी का भंडार खोलने के दौरान चित्तौड़गढ़ अतिरिक्त जिला कलेक्टर व मंदिर मंडल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी दिनेश धाकड, मंदिर बोर्ड के अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव, बोर्ड सदस्य किशनलाल अहीर, रामलाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, पवन कुमार, नायब तहसीलदार व प्रशासनिक अधिकारी प्रथम शिवशंकर पारीक, मंदिर व्यवस्था व संपदा प्रभारी भेरू गिरी गोस्वामी, सुरक्षा प्रभारी गुलाब सिंह, सहायक सुरक्षा प्रभारी बिहारी गुर्जर सहित मंदिर मंडल तथा क्षेत्रीय बैंकों के कर्मचारी मौजूद रहे। भगवान श्री सांवलिया सेठ के भंडार से प्राप्त राशि की रविवार को प्रथम चरण की गणना की गई। जिसमें लगभग साढे सात करोड रुपए की राशि की गणना हो पाई। लेकिन रविवार का अवकाश होने के कारण राशि की गणना के आंकड़े नहीं बताए गए।श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल की वर्षों पुरानी परंपरा के अनुसार प्रतिमाह कृष्णपक्ष की अमावस्या को विशाल ब्रह्मभोज महाप्रसादी का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में सोमवार को सोमवती अमावस्या के पावन पर्व पर स्थानीय देवकी सदन धर्मशाला परिसर में विशाल ब्रह्मभोज महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। जिसमें हजारों श्रद्धालु पहुंचकर ठाकुरजी के महाप्रसाद को ग्रहण करेंगे।