नीमच
जिले के ग्राम जमुनिया कला में रेलवे पटरी के समीप स्थित एक खुले कुएं में अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से बघाना थाना एवं सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) और सीएसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।प्रारंभिक जांच में शव कुएं के अंदर दिखाई देने पर पुलिस ने पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया। शव को वैज्ञानिक तरीके से बाहर निकालने एवं साक्ष्यों की जांच के लिए रतलाम से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है। एफएसएल टीम के पहुंचने के बाद शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई और अन्य आवश्यक जांच प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है और न ही मौत के कारणों का पता चल पाया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
